कोरबा छत्तीसगढ़

क्रिसमस पर गिरजाघरों में उत्सव का माहौल, प्रभु यीशु के जन्म की दी बधाईयां 


कोरबा। प्रभु यीशु के अवतरण दिवस पर क्रिसमस की खुशियां ऊर्जाधानी में बिखरीं रहीं। क्रिसमस पर्व पर मसीही समाज में विशेष उत्साह नजर आया। जिले में स्थित गिरजाघरों  में रविवार शाम से ही उत्सव का माहौल रहा। सभी गिरजाघर झालरों से सुसज्जित किए गए थे जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। रविवार की मध्य रात्रि 12 बजते ही पादरियों ने प्रभु यीशु के आगमन का संदेश दिया। 
प्रभु यीशु का चरनी में दर्शाए गए प्रतीकात्मक जन्म की झांकी का दर्शन के लिए मसीहीजन उमड़ पड़े। कैरोल व प्रार्थना गीत के साथ प्रभु के आगमन के सदेश से गिरजाघर गूंज उठे। केक काटकर खुशियों का इजहार किया गया। इसके बाद देर रात तक सांस्कृतिक आयोजनों का दौर जारी रहा। आज सोमवार को भी विविध आयोजन मसीही समाज के द्वारा किए जाते रहे। जगमगाते क्रिसमस ट्री व खास कर घास से निर्मित चरनी में ख्राइष्ट के जन्म की प्रस्तुति लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। गिरजाघरों के अलावा घरों में भी केक और मिठाइयां बांट कर खुशियों का इजहार किया गया। शहर के अलावा जिले के उपनगरीय क्षेत्रों में कटघोरा, जमनीपाली, कुसमुण्डा, गेवरा, बांकीमोंगरा, बालको आदि स्थानों में स्थिति गिरजाघरों में क्रिसमस पर्व की धूम रही। क्रिसमस पर्व पर गिरजा घरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें ख्राइष्ट के जन्म का नाट्य रूपांतरण प्रमुख रहा। मिशन रोड स्थित चर्च में बच्चों व युवाओं के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। नवजात शिशुओं को प्रभु यीशु का आशीष दिलाया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *