खदानों में सक्रिय हुआ चोरों का सिंडिकेट, बढ़ीं चोरी की घटनाएं

कोरबा 05 जुलाई। कुछ समय तक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगी रही, लेकिन अब जिले में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की विभिन्न खदानों में संगठित चोरों का सिंडिकेट फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। लगातार डीजल, कोयला और स्क्रैप की चोरी की घटनाएं इस बात की पुष्टि कर रही हैं।

हाल ही में दीपका क्षेत्र में चोरी के डीजल के साथ कुछ युवकों को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने पकडकर पुलिस के हवाले किया। कुसमुंडा क्षेत्र में भी इसी तरह के हालात बने हुए हैं। खदान प्रबंधन ने आउटर पॉइंट्स को बंद कर वहां निगरानी बढ़ा दी है, लेकिन इसके बावजूद चोरों ने नए रास्ते तलाश कर वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया है। इससे सुरक्षा एजेंसियों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। कोरबा जिले की एसईसीएल की विभिन्न खदानों से लंबे समय से कोयला, स्क्रैप और डीजल की चोरी होती रही है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

कई मामलों में चोरी रोकने के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा सुरक्षा कर्मियों पर हमला किए जाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इन घटनाओं को देखते हुए एसईसीएल प्रबंधन ने सभी क्षेत्रों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी चरणबद्ध तरीके से सीआईएसएफ को सौंपने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही वर्तमान में सुरक्षा व्यवस्था में लगी अन्य एजेंसियों को हटाने की प्रक्रिया भी आगामी दिनों में शुरू की जाएगी।

Live Cricket Info