कोरबा छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में राम राज्य की स्थापना होने जा रही : योगी




कोरबा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरबा में सीएसईबी कोरबा पूर्व के खेल मैदान में भाजपा उम्मीदवार डा. सरोज पाण्डेय पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में राम राज्य की स्थापना होने जा रही है। उन्होंने मंच से एक बार फिर मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार का नारा दोहराया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी के पत्रकारों ने जब मुझसे पूछा कि छत्तीसगढ़ जाकर क्या कहोगे? तो मैंने कहा छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा। कौन है जिसको ननिहाल अच्छा नहीं लगता। हम यूपी वालों के लिए यह ननिहाल है। 500 साल बाद प्रभु श्री राम विराजे तो सबसे ज्यादा उल्लास, उत्साह छत्तीसगढ़ में था। वनवास में पहला शरण प्रभु श्रीराम ने छत्तीसगढ़ में लिया था। छत्तीसगढ़ को आगे ले जाने का शंखनाद प्रभु राम ने किया था। सभा में बड़ी संख्या में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, प्रत्याशी सरोज पाण्डेय भी उपस्थित रहीं।

योगी ने कहा कि आज भारत में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। पाकिस्तान का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि पहले आतंकवादी कहीं भी घुसकर बम फोड़ते थे, अब कोई धमाका होता है तो पाकिस्तान पहले ही सफाई दे देता है कि हमारा हाथ नहीं है। यह नया भारत है घर में घुसकर नेस्तनाबूद कर देता है। पिछले दस वर्षों में मोदी के नेतृत्व में बदलता भारत देखा है। एक ऐसा भारत जिसका दुनिया में सम्मान बढ़ा, सीमाएं सुरक्षित है, नक्सलवादी, आतंकवादी के सामने घुटने नहीं टेकता बल्कि मुंहतोड़ जवाब देता है। आत्मनिर्भर भारत चाहिए, विकसित भारत चाहिए तो इसके लिए नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है।



योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि कांग्रेस के कुशासन में घोटाले ही घोटाले हुए। शराब घोटाला, कोयला घोटाला, पब्लिक सर्विस कमिशन घोटाला तो किया गोबर में भी घोटाला कर दिया। भगवान को भी नहीं छोड़ा और महादेव एप के नाम पर भी घोटाला कर दिया। मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस पर नक्सलवाद से आंतरिक समझौते का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास केवल समाज को बांटने और मोदी को गाली देने का काम रह गया है। मुख्यमंत्री योगी ने सरोज पाण्डेय के तेज तर्रार राष्ट्रीय नेता बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *